सभी केंद्रों के ध्यानार्थ...
सीआईए स्टाफ खरड़ ने नाकाबंदी कर दबोचे, झारखंड से लाकर जीरकपुर-चंडीगढ़ में बेचते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। सीआईए स्टॉफ खरड़ ने सूचना के आधार जीरकपुर में पटियाला रोड पर नाकाबंदी करके दो नशा तस्करों को 12 किलो अफीम और कुल 17 लाख रुपये ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की पहचान राजिंदर कुमार निवासी मोतिया होम्स, जीरकपुर और अफजल खान निवासी गांव मलगो, जिला गुमला झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही अदालत में पेश करके इनको पांच दिन के रिमांड पर ले लिया है।
इस मामले में सीआईए स्टाफ की जांच अधिकारी एसआई बलजिंदर कौर ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित पुराने लक्की ढाबे के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त दोनों आरोपी झारखंड से बड़े स्तर पर अफीम लेकर आते हैं और जीरकपुर व चंडीगढ़ इलाके में अपने ग्राहकों को बेचते हैं। इस सूचना के आधार पर जीरकपुर-अंबाला रोड पर नाकाबंदी कर मोतिया होम्स के नजदीक चंडीगढ़ नंबर की वेन्यू कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो इसमें सवार उक्त दोनों आरोपियों के पास से 12 किलो अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और केस दर्ज कर डेराबस्सी की अदालत में पेश किया। यहां से दोनों को पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर ले लिया।