मोहाली में कोरोना के साथ ही अब डेंगू ने कहर मचा दिया है। शनिवार को डेंगू संदिग्ध दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही डेंगू से मरने वालों की संख्या आठ पहुंच गई। जबकि एक दिन में रिकॉर्ड 176 नए डेंगू के मरीज सामने आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने खुद इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि स्थिति गंभीर बनी हुई। लोगों को इससे खुद ख्याल रखना होगा। घरों में उचित सफाई रखनी होगी। साथ ही सुबह शाम शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनने होंगे। महीने के शुरू से ही जिले में डेंगू ने कहर मचाना शुरू कर दिया है। नौ दिन में 453 मरीज सामने आ चुके हैं। हालांकि प्रशासन डेंगू की गंभीरता को पहले दिन से ले रहा है।
डीसी ईशा कालिया की तरफ से इस संबंध में बाकायदा सेहत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद पूरे जिले में फॉगिंग और स्प्रे के आदेश दिए गए थे। हालांकि कुछ एरिया में उचित फॉगिंग न होने के मामले भी सामने आए थे। साथ ही अधिकारियों को कहा गया कि डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करें। इतना ही नहीं जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू का इलाज फ्री है।
अब तक 824 केस आ चुके हैं सामने
लोगों को नसीहत दी है गई है कि वह समय से इलाज शुरू करवाएं तभी इस महामारी से बचा जा सकता है। जिले में अब तक 824 केस सामने आ चुके हैं। जबकि 124 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सभी अस्पतालों में इस संबंधी इलाज चल रहा है। इतना ही नहीं निजी अस्पतालों को कहा गया है कि इसे गंभीरता से लें।