मोहाली। सेक्टर-66 स्थित माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एएफपीआई) फॉर गर्ल्स की दो कैडेटों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब का नाम रोशन किया है। संस्थान की कैडेट मेहकप्रीत कौर ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर)-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि कोमलप्रीत कौर ने प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए), खड़कवासला में प्रवेश के लिए ऑल इंडिया रैंक-18 हासिल की है।
मेहकप्रीत कौर रूपनगर जिले के गांव पपराली के किसान अमरजीत सिंह और रूपिंदर कौर की बेटी हैं, जबकि कोमलप्रीत कौर अमृतसर जिले के गांव शाहुरा निवासी भारतीय सेना के हवलदार गुरमीत सिंह और बलजीत कौर की बेटी हैं। साधारण परिवारों से आने वाली दोनों कैडेटों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने दोनों कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता नए और महत्वाकांक्षी पंजाब की पहचान है। उन्होंने कहा कि इन बेटियों ने रक्षा सेवाओं की कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अन्य युवतियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू ने कहा कि महिलाओं के लिए सीमित सीटों के बीच एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में पहला स्थान हासिल करना असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दोनों कैडेटों की सफलता से पंजाब सरकार के बेटियों को रक्षा सेवाओं में आगे बढ़ाने के प्रयासों को नई मजबूती मिली है।