डेराबस्सी। पंजाब की कांग्रेस सरकार की ओर से कुछ दिन पहले ट्रक यूनियनों को बहाल करने के एलान के साथ ही यूनियनों की गुंडागर्दी शुरू हो गई है। पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में कैंटर यूनियन के दो सदस्यों के खिलाफ ट्रक चालकों को तंग परेशान करने और उनसे जबरन वसूली करने के आरोप में केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की पहचान शेरा और काला के रूप में हुई है। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि प्रदीप बांसल निवासी ढकोली ने उन्हें दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव भगवानपुर में श्री बाला फीड्स के नाम से फैक्ट्री है। एक कैंटर में फीड भरकर चालक बरवाला में सप्लाई देने जा रहा था। इसी दौरान बरवाला रोड पर रास्ते में उनके कैंटर के आगे आकर कुछ कार सवारों ने कैंटर को घेर लिया। इसके बाद कार सवारों ने कैंटर चालक से गुंडागर्दी करते हुए जबरदस्ती कैंटर के दस्तावेज छीन लिए। इसके बाद कार सवारों ने फीड से भरे कैंटर को जबरदस्ती ले जाकर यूनियन में खड़ा कर दिया गया।
प्रदीप बांसल ने पुलिस को शिकायत देकर कैंटर यूनियन के पदाधिकारियों के खिलाफ लूटपाट, धमकाने और चालक को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पूरी मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर पुलिस ने कैंटर यूनियन के अज्ञात सदस्यों के साथ काला और शेरा के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है कि इस गैरकानूनी धंधे में कौ-कौन शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कैंटर यूनियन के पदाधिकारी उन वाहन चालकों को परेशान कर रहे हैं जो फैक्ट्रियों से माल भर कर ले जा रहे हैं। ऐसी कई शिकायतें आ रही हैं कि यूनियनों बहाल होने बाद ट्रक यूनियन ने गुंडागर्दी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि केस दर्ज कर बाकी यूनियनों के अधिकारियों को भी मीटिंग कर चेतावनी दी है कि वह किसी को भी जबरदस्ती तंग परेशान नहीं कर सकते। कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।