जीरकपुर। शहर में 6 दिसंबर से धरने पर बैठे ट्रक ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से ट्रक यूनियन बहाल करने के आदेशों पर खुशी जाहिर की थी, लेकिन अगले ही दिन आचार संहिता लगने के बाद अभी अधिवेशन जारी नहीं हुआ था। ट्रक यूनियन के सदस्यों ने सीएम चन्नी के आदेशों को मानते हुए मंगलवार को गुरुद्वारा श्री नाभा साहिब में अखंड पाठ रखवाया गया। जिसमें हलका शिअद विधायक एनके शर्मा और आम आदमी पार्टी के एमएलए उम्मीदवार कुलजीत सिंह रंधावा भी मौजूद थे। मंगलवार को ट्रक ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों ने अखंड पाठ का भोग पड़ने के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान ट्रक यूनियन की कोर कमेटी के सदस्यों ने विधायक शर्मा और कुलजीत रंधावा का धरने के दौरान साथ देने के लिए धन्यवाद किया। इस दौरान विधायक एनके शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार आने पर ट्रक यूनियनों को पूरी तरह से बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी अकाली सरकार के समय ट्रक यूनियनों के चुनाव में कोई भी दखलंदाजी नहीं की जाती थी। बल्कि उनको अपने तौर पर बिना किसी भेदभाव के चुनाव लड़ने की इजाजत दी जाती थी और आने वाले समय भी ट्रक यूनियन के सदस्य अपने चुनाव खुद कर सकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी एलान किया कि उनकी सरकार आने पर कोई भी टेंडर किसी लीडर को नहीं दिया जाएगा, बल्कि सभी टेंडर ट्रक यूनियन के सदस्यों को ही दिए जाएंगे।
वहीं, दूसरी ओर आप के एमएलए उम्मीदवार कुलजीत रंधावा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ट्रक यूनियन के धरने में एलान किया था कि उनकी सरकार आने पर टेंडर, चुनाव और ड्राइवरों से की जाने वाली लूट के खिलाफ वह एक कमेटी बनाएंगे जिसके सदस्य खुद ट्रक यूनियन के सदस्य ही होंगे। ट्रक यूनियन की सभी जायज मांगो को पहल के आधार पर पूरा करने का दावा किया था। रंधावा ने कहा कि वह खुद हमेशा ट्रक ऑपरेटर यूनियन के साथ हैं और उनकी बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे।