जीरकपुर। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ट्रैवल एजेंट को गिरफ्तार कर उससे करीब 70 पासपोर्ट, जाली स्टैंप और दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी जाली दस्तावेजों के आधार पर लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था। आरोपी की पहचान रणजीत सिंह निवासी मधुबन होम्स शिवा एनक्लेव जीरकपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना जीरकपुर में एएसआई परमप्रीत के बयान पर बीएनएस की धारा 318 (4), 336 (2), 336(3), 340(2), इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को शुक्रवार को डेराबस्सी कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार उनकी पुलिस पार्टी कोहिनूर ढाबे के पास मौजूद थी। रात करीब आठ बजे एएसआई परमप्रीत को सूचना मिली कि लोहगढ़ रोड पर ट्राइसिटी पीजा के पास यूरो शाइन ट्रैवल एजेंट का दफ्तर है। वह विदेशी कंपनियों के जाली स्टैंप लगाकर भोले-भाले लोगों को विदेश में काम दिलाने और वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगता है। वह काफी लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस ने जब उक्त कंपनी में छापा मारा तो रणजीत सिंह को काबू कर लिया। आरोपी से पासपोर्ट, जाली स्टंप और दस्तावेज बरामद किए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।