मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी आम जनता और हितधारकों को राहत देने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन कर रही है। इस कैंप में अलॉटियों, प्रमोटरों और डेवलपर्स को विभिन्न क्लियरेंस सर्टिफिकेट सौंपे जाएंगे। कैंप का आयोजन 13 सितंबर (शनिवार) सुबह 9 बजे से पीयूडीए भवन एसएएस नगर की दूसरी मंजिल स्थित हॉल में किया जाएगा। मुख्य प्रशासक ने स्पष्ट किया कि नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि सेवाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से दी जा सकें। इस तरह के प्रयासों से न केवल जनता का भरोसा बढ़ेगा बल्कि विकास परियोजनाओं की गति भी तेज होगी। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी का यह शिविर जनता और हितधारकों के लिए एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है। इससे न केवल सुविधाओं की डिलीवरी तेज होगी बल्कि शिकायतों का समाधान भी त्वरित ढंग से हो सकेगा। मुख्य प्रशासक विशेष सरंगल (आईएएस) ने बताया कि अथॉरिटी की ओर से जनता को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत कंवेंस डीड, नो ड्यूज सर्टिफिकेट, संपत्ति के ट्रांसफर और बिक्री की अनुमति, बिल्डिंग प्लान की स्वीकृति जैसी सुविधाएं नियमित रूप से दी जा रही हैं। वहीं, प्रोजेक्ट क्लियरेंस प्रमोटरों और डिवेलपर्स को जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य न केवल क्लियरेंस सर्टिफिकेट सौंपना है बल्कि यह एक ऐसा मंच भी बनेगा जहां आम लोग और हितधारक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
सभी शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहेंगे
शिविर में कई महत्वपूर्ण शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसमें एस्टेट ऑफिस (प्लॉट्स), एस्टेट ऑफिस (हाउसिंग), जिला टाउन प्लानर शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जनता और हितधारकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को मौके पर ही नोट करें और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनता को होंगे ये फायदे
लोगों को कई कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, सारी प्रक्रिया एक ही छत के नीचे पूरी होगी।
समय और पैसे की बचत होगी।
लंबित क्लियरेंस प्रमाणपत्र मिलने से अलॉटी और प्रमोटर निश्चिंत हो सकेंगे।
शिकायतें सीधे दर्ज कराने और अधिकारियों से आमने-सामने बातचीत करने का मौका मिलेगा।
हितधारकों की उम्मीदें
इस तरह के शिविर से न केवल प्रशासन और जनता के बीच समन्वय बेहतर होता है बल्कि काम की रफ्तार भी बढ़ती है। वहीं, कई अलॉटी मानते हैं कि यदि कैंप नियमित अंतराल पर लगाए जाएं तो उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों से काफी हद तक निजात मिल सकती है।