मोहाली। शहर के नए सेक्टरों के लोगों को अब उनके घरों के पास ही जिम की सुविधा मिलेगी। नगर निगम की ओर से तीन सेक्टरों में ओपन एयर जिम स्थापित किए गए हैं। इनका वीरवार को मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने पेवर ब्लॉक के काम की भी शुरूआत करवाई। इस मौके पर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-78, 79 और 80 में नगर निगम ने 75 लाख रुपये की लागत से ओपन एयर जिम स्थापित किए हैं। इन सभी जिम के लिए बढ़िया और मजबूत आधार बनाया गया है, जिससे लोगों को दिक्कत न उठानी पड़े और यह जिम जल्द न टूटें। जिम वाली जगह तक बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक आसानी से आ सकते हैं। इस मौके पर मेयर ने कहा कि लोगों की सेहत सुविधाओं को लेकर नगर निगम काफी गंभीर है। इलाके में जिम स्थापित करने के लिए 5 करोड़ रुपये और पास किए गए हैं। उनका लक्ष्य है कि मोहाली नगर निगम के अधीन आते पार्कों में अधिक से अधिक जिम लगाए जाएं, जिससे लोगों को जिम के लिए दिक्कत न उठानी पड़े। मेयर ने कहा कि कोरोना काल चल रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग अपनी सेहत को लेकर गंभीरता दिखाएं। मेयर ने साफ किया है कि इलाके में करवाए जा रहे हर काम की नगर निगम की टीम की ओ से जांच की जाती है। जिससे काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो। इसके अलावा सैंपल आदि भी जांच के लिए भेजे जाते हैं।
विधायक सिद्धू ने दी कई सौगातें
इस मौके पर समारोह में मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि विधायक बलबीर सिंह सिद्धू की तरफ से इलाके में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू करवाए गए हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज का निर्माणद्व जुझार नगर वाली सड़क पर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा फेज-3बी1 में सामुदायिक केंद्र के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। इसके साथ ही इलाके की डिस्पेंसरियों को अपग्रेड किया जा रहा है।