मोहाली। बलौंगी निवासी एक व्यक्ति की बेटी को चंडीगढ़ पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान पटियाला निवासी लखविंदर सिंह के रूप में हुई है। इस संबंध में शिकायतकर्ता लक्ष्मी दत्त के बयान पर बलौंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 2023 में उसकी बेटी चंडीगढ़ पुलिस की परीक्षा में शामिल होकर पेपर देना चाहती थी।
तभी उसके रिश्तेदार राकेश कुमार वासी पटियाला ने बताया कि वह लखविंदर सिंह को जानता है। उसके पुलिस अफसरों से अच्छी पहचान है। वह उसकी बेटी को पुलिस में भर्ती कराने के लिए बात करेगा। इसके बाद उसने लखविंदर सिंह से मिलवाया और कहा कि बेटी की नौकरी लग जाएगी लेकिन उसके लिए चार लाख रुपये लगेंगे। इस पर उसने चार लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उसने उसे अभिनव से मिलवाया और कहा कि नौकरी लग जाएगी लेकिन रिजल्ट आने पर लिस्ट में बेटी का नाम नहीं था। इस पर उसने अपने रुपये वापस मांगे तो उसने एक लाख रुपया लौटा दिया और बाकी रुपये कुछ दिन में लौटाने की बात कही लेकिन नहीं लौटाए। इस पर उसने मामले की शिकायत एसएसपी को की। उनके कहने पर पुलिस ने जांच की। जांच के बाद बलौंगी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।