मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 के सेक्टर-72 में ज्वेलरी वर्कशॉप में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को फेज-1 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 8 अप्रैल को प्लॉट नंबर एफ-19 के कुंदन लाइट्स एंड गोल्ड ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड की वर्कशॉप पर हुई थी। यहां पांच बदमाश लूट की नीयत से घुसे और वारदात को अंजाम दिया था। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि लूट वाले दिन एक आरोपी कार में बाहर बैठा रहा, जबकि दूसरा गेट पर निगरानी करता रहा और तीन बदमाश अंदर घुस गए। आरोपियों ने अपने चेहरे ढके थे। उनके पास दातर, चाकू और लोहे की रॉड थी। उन्होंने वर्कशॉप मालिक करणवीर सिंह गोसल से तिजोरी की चाबियां और नकदी की मांग की।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और तिजोरी खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद आरोपी आर्टिफिशियल ज्वेलरी के सैंपल, करीब 500 ग्राम चांदी के गहने और सीसीटीवी डीवीआर लेकर भाग गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 14 अप्रैल को विनय शर्मा को वारदात में इस्तेमाल कार के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद 15 अप्रैल को सूरज प्रकाश और संजीत कुमार को भी काबू कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान, 20 आर्टिफिशियल चेन और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में दो अन्य आरोपी पीटर और जानुल अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।