धमकी भरे ईमेल से स्कूल खाली कराए गए, विस्फोटक नहीं मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली में कई स्कूलों और जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह प्राइवेट स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूलों को खाली करवा दिया। बम स्क्वायड, एंटी-साबोटाज टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर की गहन तलाशी ली गई। पुलिस की जांच में किसी भी जगह से विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। धमकी मिलने की सूचना से विद्यार्थियों, पेरेंट्स और स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल बन गया। स्कूलों के बाहर अभिभावकों की भीड़ जुटने से जाम जैसी स्थिति भी बन गई।
यहां आई धमकी भरी ई-मेल.......
-शिवालिक पब्लिक स्कूल, फेज-6
-द मिलेनियम स्कूल, फेज-5
-गुरुकुल स्कूल, सेक्टर-69
-जिला अदालत
सूचना मिलते ही पुलिस टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गई थीं। तलाशी शुरू करने से पहले विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल बंद कर दिए गए। संबंधित थाना एसएचओ की अगुवाई में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। हरसिमरन सिंह बल, डीएसपी सिटी-2