गांव कंबाला का मामला, गाड़ी में पेट्रोल डालने के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। गांव कंबाला में शादी समारोह में शामिल होने आए बलौंगी निवासी 28 वर्षीय पवन सिंह की आग में झुलसने के 10 दिन बाद मौत हो गई। हादसा 15 अक्तूबर को हुआ था। जानकारी के अनुसार, पवन अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने कंबाला आया था। इसी दौरान गाड़ी में पेट्रोल खत्म होने पर वह बोतल से पेट्रोल डाल रहा था। उसके हाथ में जलती सिगरेट थी। बताया जा रहा है कि हवा के कारण सिगरेट से निकली चिंगारी पेट्रोल के संपर्क में आ गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी। पवन आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
वहां करीब 10 दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन 25 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। शादी की खुशियां मातम में बदलीं पवन सिंह अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। परिवार के लिए यह खुशी का अवसर था, लेकिन पेट्रोल डालते समय लगी आग ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसने के बाद पवन को पीजीआई में भर्ती करवाया गया। परिजनों को 10 दिन तक उसके ठीक होने की उम्मीद रही, लेकिन 25 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। यह घटना बताती है कि ज्वलनशील पदार्थों के आसपास छोटी-सी लापरवाही भी किसी परिवार की जिंदगी बदल सकती है। ऐसे हादसों को लेकर लोगों में जागरूकता जरूरी है।
सूचना मिलने के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के माता-पिता के बयानों के आधार पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है। -अमनदीप कंबोज, एसएचओ, थाना आईटी सिटी