मोहाली। इस बार बीस फरवरी को होने वाले विधानसभा मतदान में जहां छह पोलिंग स्टेशनों की जिम्मेदारी पूरी तरह महिला मुलाजिम संभालेंगी। वहीं, तीन पोलिंग स्टेशनों को दिव्यांग संभालेंगे। सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेब कास्टिंग होगी। साथ ही सरकार की ओर से तैनात माइक्रो ऑब्जर्वर से लेकर सुरक्षा दस्ते तैनात रहेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को जिला चुनाव अधिकारी ईशा कालिया ने दी। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से सभी तैयारियां पूूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह मतदान के लिए आगे आएं, जिससे अच्छे नेताओं को चुनकर विधानसभा भेजा जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार होने वाले मतदान में कुल 907 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक विधानसभा हलके मेें 32 मॉडल पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। यहां पर आने वाले मतदाताओं का रेड कारपेट वेलकम होगा। पहली बार मतदान करने वाले को प्रशस्ति पत्र और गिफ्ट देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा हलके में दो पिंक बूथ बनाए जाएंगे। यहां पर पूरी कमान महिला मुलाजिमों के हाथ में रहेगी। जबकि प्रत्येक हलके में एक-एक पोलिंग स्टेशन ऐसा स्थापित किया जाएगा, जिसे दिव्यांग लोग चलाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इनमें जहां महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा। वहीं, दिव्यांग लोगों की प्रतिभा को भी लोग समझ पाएंगे।
कोविड संक्रमित ऐसे कर पाएंगे मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा कालिया ने बताया कि बीस फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी। कोविड संक्रमित लोगों के लिए मतदान केंद्र में पहुंचकर मतदान करवाने संबंधी इंतजाम रहेंगे। प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर एक बोर्डिंग एरिया बनाया जाएगा। यहां पर संक्रमित व्यक्तियों को बैठाया जाएगा। इसके अलावा पोलिंग स्टाफ को कोविड से बचाने के लिए पीपीई किट से लेकर अन्य पूरा सामान मुहैया करवाया जाएगा। कोविड पीड़ित निर्धारित शाम 5 से 6 बजे के बीच में मतदान कर पाएंगे।
आपका वोट कोई और डाल गया तो भी कर पाएंगे मतदान
अगर आपके मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद आपको पता चलता है कि आपके आने से पहले ही कोई आपके नाम पर मतदान कर गया है तो चिंता करने की कोई बात नहीं है। निर्वाचन आयोग ने ऐसे मामलों से निपटने के भी इंतजाम किए हैं। इसके तहत आपका टेंडर वोट डलवाया जाएगा। इस संबंधी भी सभी चीजें मुहैया करवाई जाएंगी। प्रत्येक पोलिंग स्टेशन को 20-20 टेंडर वोटर दिए गए हैं। बाद में विभाग की ओर से इस केस की पड़ताल की जाएगी। पड़ताल में आपका दावा सही निकलता है तो आपके वोट को ही मान्य समझा जाएगा। इसकी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।