मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की ओर से ली जाने वाली बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाओं के परिणाम आने में इस बार देरी नहीं होगी। इतना ही नहीं पीएसईबी सीबीएसई समेत अन्य बोर्डों से भी पहले रिजल्ट घोषित करने की कोशिश करेगा। इसके लिए बोर्ड ने स्मार्ट रास्ता चुना है, साथ ही इसके लिए एक मोबाइल एप तैयार किया है। इसमें पेपर चेक होने के बाद पूरा रिकॉर्ड अपलोड किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड की ओर से की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंधी बोर्ड की ओर से आदेश लागू कर दिए गए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई जाने वाली बोर्ड की परीक्षाओं में हर बार दिक्कत आती थी कि आखिर में नंबरों की सूचियां समय से बोर्ड मुख्यालय नहीं पहुंचती थी। ज्यादातर प्रेक्टिकल एग्जाम में यह दिक्कत आती थी। ऐेसे में बोर्ड को रिजल्ट निकालने में काफी दिक्कत आती थी। इसी चीज का मंथन बोर्ड में काफी समय से हो रहा था। इसके बाद अब एप को एक विकल्प के रूप में चुना है। बोर्ड ने एप तैयार कर ली है। साथ ही स्कूलों को हिदायत दी है कि प्रेक्टिकल के पेपर चेक करने के बाद उनका रिकॉर्ड तीन दिन में एप पर अपलोड कर दें। इसके बाद बोर्ड की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में हर साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा में करीब 7 लाख विद्यार्थी अपीयर होते हैं। इसके साथ ही अब बोर्ड की ओर से 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं भी आयोजित की जा रही हैं। ऐसे में इस संख्या में और बढ़ोतरी होगी। बोर्ड की कोशिश यहीं है कि किसी भी तरह से छात्रों को दिक्कत न उठानी पड़े। परीक्षा संपन्न होने के बाद तय समय से परिणाम निकाला जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आगे की कक्षाओं में दाखिला लेने में किसी तरह की दिक्कत न आए।
मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध
परीक्षा में नकल को रोकने के लिए बोर्ड की ओर से कई प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इतना ही नहीं परीक्षा केंद्र में तैनात स्टाफ को भी मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना भी पड़ता है तो स्कूल के मुख्यालय से करना होगा।
बोर्ड गजट नहीं छापता, ऑनलाइन घोषित करता है परिणाम
पीएसईबी की ओर से बोर्ड कक्षाओं के परिणाम का गजट नहीं छापता है, जबकि बोर्ड की ओर से रिजल्ट ऑनलाइन घोषित किया जाता है। विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर परिणाम मुहैया करवाता है। इतना ही नहीं परीक्षाओं के रोल नंबर भी ऑनलाइन अपलोड किए जाते हैं।