लालड़ू। स्वच्छ भारत अभियान व खुले में शौच मुक्त मुहिम के तहत नगर काउंसिल लालड़ू के तहत पंचायत मार्केट में हजारों रुपयों की लागत से बना शौचालय रख-रखाव की कमी से मुहिम दम तोड़ती नजर आ रही है। बिना देख-रेख के शौचालय में सफाई का बुरा हाल है। चारों और बदबूदार वातावरण बना हुआ है। नगर काउंसिल लालड़ू इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
मार्केट के दुकानदारों गुरविंदर धीमान, जसबीर सिंह, मौंटू, आलम, अवतार, खुशहाल, रिंपी राणा, मनी मोटर गुरप्रीत सिंह टोहरा सहित अन्य ने बताया कि पंचायत मार्किट में नगर काउंसिल की ओर से लाखों रुपये खर्च करके सार्वजनिक शौचालय तो बनवा दिया गया लेकिन यहां प्रबंधों की कमी के चलते साफ-सफाई और रख- रखाव का बुरा हाल है। यहां यूरिनल की शीट की सफाई नहीं होती, पाइप टूट कर गिर चुके हैं, टॉयलेट्स के भीतर बुरा हाल रहता है, फर्श टूटे पड़े है। चारों ओर गंदगी फैली है। बदबूदार वातावरण बना हुआ है। लोगों का कहना है कि काउंसिल के अधिकारी शौचालय की चेकिंग भी नहीं करते हैं और साफ-सफाई के लिए कोई सफाई कर्मचारी भी नहीं है। शौचालय की कागजी रिपोर्ट में भले ही चकाचक हों लेकिन हकीकत में साफ सफाई का बुरा हाल है। दुकानदारों ने उक्त शौचालय की साफ सफाई करवाने की मांग की है ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी ना उठानी पड़े।
सफाई करवा दी जाएगी
नगर काउंसिल के ईओ अशोक पथरिया ने बताया कि जल्द ही शौचालय की साफ-सफाई का काम दुरुस्त करवाया जाएगा।