खरड़। गांव स्वाड़ा निवासी महिला कर्मजीत कौर ने अपने बेटे की मौत के लिए बहू और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। थाना सदर खरड़ को दिए प्रार्थना पत्र में कर्मजीत कौर ने मांग की है कि उसके बेटे मनदीप सिंह को तंग व परेशान कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली बहू सर्बजीत कौर निवासी गांव बेला, जिला रूपनगर और उसके भाई गुरप्रीत सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायत के अनुसार मनदीप सिंह का विवाह वर्ष 2017 में सर्बजीत कौर से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही बहू का अपने ससुराल वालों से विवाद होने लगा और वह कई बार मायके चली गई। आरोप है कि घर लौटने के बाद भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं हुआ और झगड़े बढ़ते गए। कर्मजीत कौर ने यह भी आरोप लगाया कि बहू का भाई गुरप्रीत सिंह अक्सर घर आकर उनके बेटे से मारपीट व गाली-गलौज करता था। यहां तक कि एक बार बहू ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी बांह टूट गई थी। कर्मजीत कौर का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से तंग आकर ही बेटे ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दी है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।