खरड़-लांडरां रोड पर शनिवार देर रात पंजाबी गायक अमनजोत सिंह उर्फ अल्फाज पर हुए जानलेवा हमले के बाद फरार टेंपो चालक को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान विक्रमजीत उर्फ विक्की निवासी रायपुररानी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले दर्ज केस में जान से मारने की कोशिश की धारा को जोड़कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की मानें तो ढाबा मालिक रोडा और विक्की की आपस में बात करवाने के बाद गायक अल्फाज पार्किंग में चला गया। वहीं ढाबा मालिक और विक्की के बीच कहासुनी हो गई। बाद में ढाबा मालिक ने अन्य कर्मचारियों की मदद से विक्की को पीटकर बाहर निकाल दिया। ढाबे से बाहर निकलते ही विक्की ने गुस्से में ढाबा मालिक का मिनी टेंपो चुरा लिया। उसकी लाइट चालू किए बिना वह भागने लगा तो सीधा पार्किंग में खड़े होकर बाथरूम कर रहे अल्फाज को टक्कर मार दी। जमीन पर गिरने के बाद भी टेंपो चालक विक्की नहीं रुका और टेंपो को रिवर्स करते हुए एक टायर अल्फाज के ऊपर चढ़ा दिया, जिस कारण अल्फाज की रीढ़ में गंभीर चोट आई है। हादसे में अल्फाज को घायल होता देख विक्की घबरा गया और फिर टेंपो को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे को अंजाम देने वाले आरोपी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दर्ज केस में जान से मारने की कोशिश के आरोप की धारा को जोड़ा गया है। घटना के समय विक्की शराब के नशे में धुत्त था, इसलिए हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था। मंगलवार को उसे अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। -गुरचरण सिंह, प्रभारी, पुलिस थाना सोहाना