मोहाली। नगर निगम के सफाई और सीवरेज लाइनमैन कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का असर अब शहर के रिहायशी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। सेक्टर-78 और 79 में सीवरेज जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर भर गया है और कई घरों में भी घुसने लगा है। वहीं फेज-9 के कई हिस्सों में भी सीवरेज ओवरफ्लो की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से सीवरेज लाइनें जाम पड़ी हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
बदबू के कारण आसपास के निवासी परेशान हैं, वहीं मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। पूर्व पार्षद हरजीत भोलू ने बताया कि सेक्टर-78 के गुरुद्वारा साहिब के पास, डॉल्फिन टावर, थाना सोहाना क्षेत्र, सेक्टर-79 के मकान नंबर 880 और 2343 के आसपास हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने कहा कि मकान नंबर 880 में करीब दो-दो फुट तक गंदा पानी भर गया, जिससे आसपास के घरों में भी पानी घुस गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल के कारण सीवरेज लाइनों की सफाई नहीं हो पा रही।
फेज 9 निवासी कमलप्रीत सिंह बन्नी ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही और सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का असर अब फेज-9 में भी देखने को मिल रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से सीवरेज लाइनें जाम पड़ी हैं, जिससे गंदे पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सीवरेज का बदबूदार पानी घरों और सड़कों पर जमा हो रहा है। ओवरफ्लो होने के कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है और इलाके में भारी बदबू फैल रही है। लोगों ने नगर निगम से जल्द समस्या का समाधान करवाने की मांग की है।