जीरकपुर। शहर की सबसे मशहूर वीआईपी रोड की अपने आप में एक अलग पहचान है। लेकिन इस रोड पर बने गड्ढों और खुले पड़े मैनहोल ने इसकी छवि खराब कर दी है। इस सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और टूटे मैनहोल से स्थानीय दुकानदार और आम लोग बेहद परेशान हो चुके हैं। वह कई बार नगर काउंसिल के अधिकारियों से इन्हें ठीक करने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इस पर कतई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
वीआईपी रोड की मार्केट के प्रधान एवं दुकानदार पवन जैन, विनीत बंसल, तरसेम चंद, सिद्धांत ठाकुर, जसविंदर सिंह आदि ने बताया पिछले दिनों हुई बारिश के कारण गड्ढे ओर भी ज्यादा गहरे हो गए हैं। नगर काउंसिल की लापरवाही के चलते इन गड्ढों से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। जबकि गड्ढों और खुले पड़े मैनहोल से बचने के लिए स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस की मदद से गड्ढों के ऊपर बैरिकेड्स रखकर गड्ढों को छिपा दिया गया है। वहीं कुछ दूर आगे जाकर एक ओर गड्ढा है, जिसमें लोगों ने लकड़ी और झाड़ियां डाल दी हैं, जिससे रात के अंधेरे में किसी राहगीर को कोई नुकसान न हो और गड्ढे का पता लग जाए। वहीं, उनका कहना है कि चुनाव चल रहे हैं और हरेक नेता विकास के नाम पर झूठे वादे करते हैं। लेकिन इन झूठे वादों का लोगों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसका चुनाव के बाद वादे करने वाले नेताओं को कोई फर्क नहीं पड़ता। दुकानदारों ने नगर काउंसिल के अधिकारियों को इन गड्ढों को जल्द ठीक करने की अपील की है।
कल ही गड्ढे ठीक करवाता हूं
मैं कल ही वीआईपी रोड पर टीम को भेजकर इस समस्या का हल करने के लिए चेक करवाता हूं। इन्हें जल्द ही ठीक करवाया जाएगा। हालांकि मेरी चुनाव में ड्यूटी लगी हुई है, फिर भी मैं कल ही टीम को मौके पर जांच करने के लिए भेज दूंगा। -कुलवंत सिंह, जेई नगर काउंसिल, जीरकपुर।