मोहाली। शहर में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने डॉग शेल्टर तत्काल बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 7 जनवरी तक शेल्टर हाउस स्थापित करने का निर्देश दिया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि मोहाली अभी भी काफी पीछे है।
बेदी ने इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर मोहाली, पंजाब के मुख्य सचिव और गमाडा के मुख्य प्रशासक को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मोहाली में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। बेदी ने बताया कि नगर निगम के पास जमीन उपलब्ध नहीं है और ज्यादातर भूमि गमाडा के अधीन है।
उन्होंने कहा कि यह मामला उन्होंने हाई कोर्ट में भी उठाया था और लंबे संघर्ष के बाद ही पंजाब की डॉग पॉलिसी आगे बढ़ सकी है। बेदी ने अफसोस जताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू करने वाली मशीनरी ने अब तक गंभीरता नहीं दिखाई।