मोहाली। नॉर्दन इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी में (एनआईआईएफटी) में दाखिले के लिए जंग शुरू हो गई है। संस्थान में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को कड़ी अग्नि परीक्षा के दौर से गुजरना होगा। इसके लिए संस्थान की ओर से 21 और 22 जून को निर्धारित प्रवेश परीक्षा पास करनी होगी। सेशन की शुरूआत 27 जुलाई से होगी।
इसके लिए संस्थान में तैयारियां पूरी हो चुकी है। अगर सब कुछ सही रहा तो 27 जुलाई से संस्थान में नया सेशन शुरू हो जाएगा। वहीं, संस्थान से जुड़ी हर जानकारी विभाग की वेबसाइट www.niiftindia.com से हासिल की जा सकती है। फेज-एक में नॉर्दन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी एक राष्ट्रीय स्तर का संस्थान है। यहां पर पंजाब समेत कई राज्यों के विद्यार्थी दाखिला लेकर अपना करियर संवारते हैं। यहां पर अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कैटेगरी में पढ़ाई होती है। संस्थान में सभी कैटेगरी में कुल 310 सीटें है। इसके अलावा जालंधर और लुधियाना में संस्था के कैंपस है। दाखिले के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 18 जून थी। वहीं, अब प्रवेश परीक्षा और काउंसिंलिग प्रक्रिया चलेगी। संस्थान की तरफ से इस संबंधी सारा शेडयूल बना दिया गया है। विद्यार्थियों को दाखिले संबंधी कोई दिक्कत न आए। इसके लिए विभाग ने स्पेशल हेल्पलाइन जारी किया है। यहां पर कोई भी इच्छुक पूरी जानकारी लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7681932898 पर संपर्क कर सकता है।
ऐसे रहेगा दाखिला प्रक्रिया का शेडयूल
संस्थान में दाखिले के लिए ऑनलाइन परीक्षा और शेडयूल 21 और 22 जून को होगी। इसके बाद पोस्ट ग्रेजुएट कार्यक्रम के लिए पहली काउंसिलिंग 23 जून, दूसरी 23 जून और तीसरी काउंसिलिंग 28 जून को संपन्न होगी। जबकि अंडर ग्रेजुएट कार्यक्रम के लिए पहली काउंसिलिंग एक जुलाई, दूसरी काउंसिलिंग चार जुलाई और तीसरी काउंसिलिंग छह जुलाई को होगी।