मोहाली। शहर में अब साफ-सफाई का काम निजी कंपनी नहीं, बल्कि नगर निगम खुद देखेगा। नगर निगम ने 733 सफाई मुलाजिमों की भर्ती प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया है। इसी हफ्ते से मुलाजिम अपना काम संभाल लेंगे। इसके साथ ही मोहाली एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू करने के लिए नगर निगम की ओर से केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा। यह फैसला मंगलवार को नगर निगम की हुई बैठक में लिया गया। हालांकि इस दौरान आजाद ग्रुप के पार्षदों का आरोप था कि उनके इलाकों में विकास नहीं करवाया जा रहा है, जबकि मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना था कि सभी इलाकों में एक सामान काम चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम के अधीन आते एरिया में सफाई का काम पहले निजी कंपनी देख रही थी, लेकिन सफाई मुलाजिम इससे खुश नहीं थे। इतना ही नहीं उन्होंने अपना काम तक रोक दिया था। इसके बाद सरकार से मंजूरी लेकर इस दिशा में कार्यवाही की जा रही है। हालांकि निगम पहले ही प्रस्ताव पास कर चुका है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया पूूरी नहीं होती है, तब तक निजी कंपनी ही साफ-सफाई का काम संभालेगी। इसके साथ ही मेयर ने कहा कि मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू न होने से मोहाली समेत पूरे पंजाब के लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ती है। इसके लिए लोगों को सर्दी-गर्मी और कोहरे के बीच से लंबी दूरी तय करके दिल्ली जाना पड़ता है। लोगों की सुविधा के लिए अब मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा। मेयर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अनदेखा कर रही है।
स्टेशन पर सभी ट्रेनों का होगा स्टॉपेज
मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि मोहाली रेलवे स्टेशन को भी मजबूत बनाया जाएगा। अब यहां से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का स्टॉपेज करने के लिए नगर निगम रेलवे को पत्र लिखेगा। इसी तरह मोहाली से काफी संख्या में युवाओं को नौकरी के लिए गुरुग्राम जाना पड़ता है। इसके लिए मोहाली से गुरुग्राम के लिए बस सेवा शुरू करने के लिए सरकार से विनती प्रस्ताव पास किया गया है।
मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने बताया कि मोहाली नगर निगम के अधीन आती कुछ हाउसिंग सोसायटीज में विकास कार्य करवाने संबंधी प्रस्ताव पास किया गया। मुस्लिम और ईसाई भाईचारे का कब्रिस्तान सौंपने, दर्जा चार कर्मचारियों में कुछ को बतौर ड्राइवर पदोन्नत करने, अलग-अलग ब्लॉकों में पेवर ब्लॉक और अन्य विकास कार्य करने, इंडस्ट्रियल एरिया-8ए और 8बी की सप्लाई के लिए वाटर बूस्टर प्लांट लगाने, सोहाना गांव के तालाब का रख रखाव करने, बूस्टिंग पंप स्टेशन, ट्यूबवेलों और एनर्जी सेवर लगवाने, फेज-7 के पार्क को विकसित करने का प्रस्ताव पास किया गया।