मोहाली। बुधवार रात हुई मूसलधार बारिश से शहर की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। फेज-2 के प्रवेश पर टूटी पड़ी सड़क में पानी भर गया, जिससे वहां वाहन चलाना और पैदल गुजरना मुश्किल हो गया। सबसे चिंताजनक मामला फेज 3बी1 स्थित सरकारी माडल स्कूल से सामने आया, जहां बारिश के चलते बाउंड्री वॉल गिर गई। स्कूल के आसपास रहने वाले अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। फेज 3बी1 में स्थित इस स्कूल की बाउंड्री वॉल पहले से कमजोर थी। रातभर की बारिश में दीवार ढह गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ, वरना बच्चों की जान को खतरा हो सकता था। स्कूल स्टाफ ने दीवार गिरने की सूचना शिक्षा विभाग को भेज दी है। वहीं, नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचकर मुआयना कर चुके हैं।
फेज-2 मार्केट के प्रवेश द्वार की सड़क हुई खस्ताहाल
चंडीगढ़ के प्रवेश द्वार पर स्थित फेज-2 की मार्केट शहर की प्रमुख मार्केटों में से एक हैं। मौजूदा समय में हालात यह हो चुका है कि मार्केट के प्रवेश द्वार की सड़क जो टूटी हुई थी वो बारिश से ओर भी खस्ताहाल हो गई है। अब उसमें पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। बाइक सवार और पैदल चलने वालों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, सेक्टर 70, 71, फेज-7, सोहाना और फेज 1 में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि सभी इलाकों में नालों की सफाई की जाए और जहां भी सड़कें टूटी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। शिक्षा विभाग से भी अपील की गई है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से कमजोर ढांचों की जांच करवाकर समय रहते मरम्मत करवाई जाए।