जीरकपुर। ढकोली में स्विच ऑन करते समय करंट लगने से 13 साल के किशोर की मौत हो गई। किशोर के पिता ने सब्जी विक्रेता को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने धारा-304ए का केस दर्ज कर दिनेश को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया।
गुरुनानक एनक्लेव निवासी इंद्र ने बताया कि उसके घर के नजदीक दिनेश की सब्जी की दुकान है। वह अकसर उसके बेटे को दुकान पर बुला लेता था। कई बार मना किया लेकिन वह बाज नहीं आया। तीन सितंबर को दिनेश ने उसके बेटे को दुकान पर बुलाया। आरोप है कि सब्जी विक्रेता दिनेश ने उसके बेटे को दुकान में लगा बिजली का स्विच को ऑन करने के लिए कहा, जिसमें पहले से ही करंट आ रहा था। इस कारण उनका बच्चा करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
इंद्र ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद भी दिनेश ने उन्हें बच्चे की मौत की जानकारी नहीं दी। वह मजदूरी करके शाम को जब घर पहुंचा तो उसे पता चला कि उसके बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह तुरंत ढकोली पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।