मोहाली। जिला प्रशासन ने 12 से 14 साल के विद्यार्थियों के कोरोना टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए खुद मोर्चा संभाला है। डीसी ईशा कालिया ने इसी मामले को लेकर स्कूलों के प्रिंसिपल से आपात बैठक की है।
जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में हुई बैठक में कालिया ने कहा कि परिजनों की अपेक्षा विद्यार्थी शिक्षकों की ज्यादा बात मानते हैं। ऐसे में शिक्षक विद्यार्थियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। निजी स्कूलों के प्रिंसिपल को निर्देश दिए हैं कि 12 से 14 साल की उम्र के सारे विद्यार्थियों को कोरोना टीकाकरण की दोनों खुराकें लगवाना यकीनी बनाया जाए। कोरोना टीकाकरण महामारी से निपटने का सबसे बड़ा हथियार है। ऐसे में विद्यार्थियों को कोविड टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए ताकि जिले में कोविड टीकाकरण के सौ फीसदी लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
उन्होंने दावा किया है कि सरकारी स्कूलों में 12 से 14 साल की उम्र के बच्चों का 100 फीसदी टीकाकरण लगभग पूरा हो चुका है। अध्यापकों व बच्चों के परिजनों से अपील है कि जिन्होंने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है, वे पहल के आधार पर करवाए। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी जरनैल सिंह, जिला शिक्षा अफसर प्राइमरी सुशील कुमार, डिप्टी डीईओ सेंकेंडरी कंचन शर्मा व निजी स्कूलों के प्रिंसिपल हाजिर थे।