मोहाली। केंद्र सरकार की ओर से सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप स्कीम फॉर कॉलेज एंड यूनिवर्सिटीज के अंतर्गत दिए जाने वाली वजीफे के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) से मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष-2021 में 12वीं कक्षा की परीक्षा में 85 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले केवल वहीं छात्र इस योजना में आवेदन कर पाएंगे, जो आगे कॉलेज या यूनिवर्सिटी से पढ़ रहे होंगे।
वहीं, वजीफे के लिए ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा। इसके लिए छात्रों को www.scholarships.gov.in पर लॉगिन करना होगा। साथ ही वजीफे के लिए आवेदन करने वाले छात्रों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना जरूरी किया गया है। तय समय से छात्रों को आवेदन करना होगा, इसके बाद में आवेदन करने वाले इस योजना में शामिल नहीं हो पाएंगे।