खरड़। नेशनल हाईवे पर स्थित ओल्ड सन्नी एनक्लेव के सामने सोमवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने आगे जा रही दो कारों को टक्कर मार दी। इसमें एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी कार के चालक को मामूली चोट आई है।
जानकारी के मुताबिक बोलेरो में सवार होकर व्यक्ति खरड़ से मोहाली तेज रफ्तार से जा रहा था। इस दौरान जीप ने ओल्ड सन्नी एनक्लेव सेक्टर-125 के सामने अपने आगे जा रही सेंट्रो कार को टक्कर मार दी। इसमें सवार कार चालक चरणजीत सिंह कटारिया गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि सेंट्रो को टक्कर मारने के बाद जीप ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी। इसमें कार चालक मामूली रूप से घायल हो गया। चरणजीत ने बताया कि वह सन्नी एनक्लेव में दफ्तर जा रहा था कि अचानक एक तेज रफतार जीप ने पीछे से टक्कर मार दी जिस कारण उसकी कार आगे जा रही एक अन्य कार से जा टकराई। सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।