मान्या ने केबीसी-11 में चमकाया इलाके का नाम, मां-पिता बोले- बेटी ही है हमारी शान
हर मां-बाप का सपना होता है कि उनके बच्चे उनका नाम रोशन करें। जीरकपुर के वीआईपी रोड पर रहने वाली 11 साल की मान्या चमोली ने अपने माता-पिता के साथ शहर व स्कूल का का नाम भी रोशन किया है। मान्या चमोली हाल ही में मुंबई में केबीसी-11 में हिस्सा लेनी गई थी और अमिताभ बच्चन के सवालों का पटाक से जवाब देकर उन्हें भी हैरान कर दिया था।
मान्या की मां अर्चना चमोली और पिता विनय चमोली ने बताया कि बेटी ने केबीसी-11 में 25 लाख रुपये की राशि भी जीती है जो 18 वर्ष की होने के बाद मान्या को मिल जाएगी। मान्या पर उसके माता-पिता व स्कूल को बहुत नाज है। वह छोटी उम्र में इतनी ऊंचाइयों पर पहुंच गई है कि उसे हर कोई जानता है। इसके पीछे मान्या का तेज दिमाग व उसकी व उसके माता-पिता की कड़ी मेहनत है। उसका सपना है कि वह सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे। इसके साथ ही वह एक एनजीओ बनाकर समाजसेवा भी करना चाहती है।
पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी आगे
मान्या की मां अर्चना चमोली ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से ओलंपियाड जीके में हिस्सा लेती आ रही है और कई पदक जीत चुकी है। वह पढ़ाई के साथ-साथ बाकी गतिविधियों में भी आगे रहती है। वह संगीत के साथ डांस करने का भी शौक रखती है। उसे किताबें, अखबार पढ़ना और बैडमिंटन खेलना पसंद है। जीके की बुक्स पढ़ना बेहद पसंद है।
खेल-खेल में काफी कुछ सीख जाती है मान्या
मां अर्चना ने बताया कि घर में जब वह कोई भी अच्छी जानकारी के बारे में बात करते हैं तो मान्या को साथ बिठा लेते हैं। उसको कोई स्पेशल ट्रेनिंग या क्लास नहीं दी। मान्या को खुद को शौक है जिस कारण वह किताबें पढ़ती रहती है और आज तक उसने ट्यूशन नहीं ली है। मान्या सुबह साढ़े छह बजे उठती है। तीन बजे स्कूल से आकर खाना खाने के बाद पढ़ाई थोड़ा आराम करने के बाद पढ़ाई में लग जाती है। नौ बजे तक पढ़ाई करने के बाद खबरों व जानकारी वाले एपिसोड देखकर 11 बजे सो जाती है। वह खेल-खेल में ही काफी कुछ सीख जाती है जो हमारे लिए गर्व की बात है।
हॉट सीट तक नहीं पहुंच पाई थी मान्या की मां
इससे पहले वर्ष 2017 में मान्या की मां अर्चना चमोली भी कौन बनेगा करोड़पति के लिए क्वालीफाई हो गई थी, मगर हॉट सीट तक नहीं पहुंच पाई थी।