फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: छह लेन बाईपास और मास्टर प्लान दिलाएगा जाम से मुक्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
जीरकपुर। शहर को जाम मुक्त करने के लिए अलग-अलग विभागों ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। बुद्धिजीवी लोग भी इस बारे में परामर्श देकर जाम मुक्त शहर का सपना देख रहे हैं। वर्तमान और भविष्य की परेशानियों को ध्यान में रखकर अधिकारियों और माहिरों ने योजना बनाई है। जीरकपुर शहर में पटियाला चौक और कालका चौक पर सबसे ज्यादा वाहनों के आवागमन के कारण जाम की स्थिति रहती है। पार्किंग न होने के कारण वाहन मुख्य मार्ग पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर लगने वाली रेहड़ियों, अवैध कटों, ऑटो चालकों की मनमानी भी जाम का कारण बनती है। रॉन्ग साइड वाहन चलाने के कारण भी जहां जाम लगता है, वहीं हादसे भी हाेते हैं। इन परेशानियों ने लोगों, विभागों और अधिकारियों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। नगर परिषद मास्टर प्लान को सख्ती से लागू करने की तैयारी में है तो एनएचएआई जगह-जगह फ्लाईओवर बनाकर छह लेन बाईपास बना रहा है।
विज्ञापन

बाईपास से मिलेगी राहत
जीरकपुर शहर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने के-एरिया लाइट और सिंहपुरा चौक पर दो फ्लाईओवर बना दिए हैं। इन दोनों स्थानों पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल चुकी है। इसके अलावा जीरकपुर में छह लेन बाईपास बनाने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इस बाईपास को बनाने का काम शुरू करने के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। छह लेन बाईपास के मुकम्मल होने के बाद जीरकपुर शहर की अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का लोड बहुत कम हो जाएगा और जाम की समस्या का पूरी तरह से समाधान भी हो सकता है। - आसिम बंसल, अधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण




मास्टर प्लान लागू करेंगे
नगर परिषद जीरकपुर शहर के मास्टर प्लान का सख्ती से पालन कर रहा है। यह मास्टर प्लान वर्ष-2031 तक पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इसके लागू होने से सड़कों को चौड़ा करने का काम मुकम्मल हो जाएगा और सड़कों के अवैध कब्जे भी खत्म हो जाएंगे। इससे शहर में जगह-जगह पर लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा। -सरबजीत सिंह, एटीपी, नगर परिषद जीरकपुर।
विज्ञापन





नियमों का पढ़ाते हैं पाठ
हम समय-समय पर लोगों को ट्रैफिक के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी करते रहते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने की पूरी कोशिश करते हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जा रहा है। -गुरवीर सिंह बड़ैच, प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस, जीरकपुर




अतिक्रमण हटाएं
पटियाला चौक पर सबसे ज्यादा और सबसे लंबा जाम लगता है। यहां पर जाम से छुटकारा पाने के लिए यू टर्न लेने वाले वाहनों के लिए अलग लेन बननी चाहिए। इसके अलावा पटियाला चौक और कोहिनूर ढाबे के बीच कहीं भी फ्लाईओवर के नीचे एक नया कट बनाना चाहिए। इस नए कट के कारण पटियाला चौक पर वाहनों का लोड कम होगा। इसके अलावा कोहिनूर ढाबे से सिंहपुरा चौक तक भी कोई कट नहीं है। सिंहपुरा चौक से यू टर्न लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सड़कों के किनारे लोगों के अवैध कब्जे छुड़वाने चाहिए। सड़कों पर ऑटो अथवा अन्य वाहन खड़े करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाना चाहिए। पार्किंग की जगह पर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। -संजीव सैनी, आर्किटेक्ट, जीरकपुर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें