मुल्लांपुर। जिले भर में बिजली के कटों के खिलाफ आम आदमी पार्टी की तरफ से शनिवार को सिसवां स्थित मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के फार्म हाउस के घेराव किया गया। इस वजह से करीब छह घंटे चंडीगढ़- बद्दी, कुराली और इलाके के पंद्रह गांव जोड़ने वाली सड़कों पर आवाजाही बंद रही। ऐसे में लोगों को मोहाली या पंचकूला होते अपने गंतव्य पर जाना पड़ा। देर शाम प्रदर्शन के बाद उक्त एरिया की सड़क को आम जनता के लिए खोला गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक सीएम कैप्टन का फार्म हाउस चंडीगढ़ बद्दी रोड पर सिसवां में स्थित है। ऐसे में आप के प्रदर्शन के चलते पुलिस शनिवार सुबह से ही अलर्ट थी। एसएसपी सतिंदर सिंह खुद मौके पर थे। वहीं, प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, ऐसे में पुलिस ने पहले ही उक्त एरिया से गुजरने वाली सड़कों बंद कर दिया था। इसके चलते बद्दी से आने वाले ट्रैफिक पंचकूला और चंडीगढ़ से आने वाले ट्रैफिक को वाया खरड़ होकर निकाला जा रहा था। वहीं, इस दौरान मुल्लांपुर बैरियर चंडीगढ़ पुलिस की तरफ स्पेशल नाकेबंदी की गई थी। साथ ही उनकी तरफ से भी दस्तावेजों को चेक करने के बाद ही वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा था।
इस मौके पर लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों की दलील है बिजली पानी की समस्या तो जायज है, लेकिन इस तरह मुख्य रोड पर पर ट्रैफिक बंद कर देेना उचित नहीं है। प्रशासन को ऐसे हालात में अस्थायी इंतजाम करने चाहिए, ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए। एक महीने में यह तीसरी बार सिसवां रोड को प्रदर्शन के चलते बंद किया गया है। प्रशासन को चाहिए कि इस तरह के प्रदर्शन के लिए चंडीगढ़ की तरह अलग से जगह निर्धारित की जाए।