फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला, सिर में लगे 27 टांके, विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Thu, 05 May 2022 10:19 AM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली/जीरकपुर

सार

चंडीगढ़ प्रेस क्लब ने आलोक वर्मा पर हुए हमले की निंदा की है। क्लब के सेक्रेट्री जनरल राजेंद्र नागरकोटी ने पंजाब के डीजीपी से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है।
विज्ञापन
पत्रकार आलोक वर्मा। - फोटो : facebook
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जीरकपुर में रात का सफर सुरक्षित नहीं रह गया है। मंगलवार देर रात अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा पर बाइक सवार दो लुटेरों ने जानलेवा हमला किया और उनका मोबाइल और पर्स लूट लिया। आलोक वर्मा के सिर में 27 टांके आए हैं। पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लुटेरों की धरपकड़ का आश्वासन दिया है। मामले में डीएसपी नवनीत माहल ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं विपक्ष ने इस मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। 

विज्ञापन


आलोक वर्मा जीरकपुर में अमोलक एन्क्लेव में रहते हैं। मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे वह पंचकूला स्थित कार्यालय से अपने एक सहयोगी के साथ बाइक पर निकले थे। आलोक वर्मा ने बताया कि बलटाना स्थित के एरिया में सहयोगी ने उन्हें ड्रॉप किया। इसके बाद वह यहां से पैदल ही अपने घर की ओर जा रहे थे। जीरकपुर की दशमेश नगर के पास जमुना एनक्लेव कॉलोनी में आटा चक्की के पास करीब तीन बजे बाइक पर दो लुटेरे आए और अचानक उनके सिर पर बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया। लहूलुहान आलोक वर्मा जमीन पर गिर गए। इसके बाद भी लुटेरों ने उन ताबड़तोड़ कई वार किए। आलोक वर्मा मदद के लिए चिल्लाते रहे लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद लुटेरे उनका मोबाइल और पर्स लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। खून से लथपथ आलोक वर्मा किसी तरह अपने घर पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उन्हें जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया।  

जीएमसीएच के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर गर्ग ने बताया कि आलोक वर्मा को 3.45 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। उनके सिर में गहरा घाव था। खून काफी बह रहा था। सीटी स्कैन समेत उनकी अन्य जांच की गई। उनके सिर में टांके लगाए गए हैं। कोई आंतरिक चोट न होने की वजह से उन्हें दोपहर 2.30 बजे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। 
विज्ञापन


घटना बेहद गंभीर है। इसमें शामिल लुटेरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगा दी गई हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। जैसे ही कोई सुराग मिलेगा, लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।  -नवनीत माहल, डीएसपी, सब-डिवीजन जीरकपुर

पत्रकार पर हमले की प्रेस क्लब ने की निंदा

चंडीगढ़ प्रेस क्लब ने आलोक वर्मा पर हुए हमले की निंदा की है। क्लब के सेक्रेट्री जनरल राजेंद्र नागरकोटी ने पंजाब के डीजीपी से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी से मिलेंगे।

डीजीपी वीके भावरा बोले-बख्शे नहीं जाएंगे दोषी

वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा पर हुए जानलेवा हमले को लेकर पंजाब के डीजीपी वीके भावरा ने कहा कि वे इस मामले की जांच करवा रहे हैं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इलाके की पुलिस को भी चौकस कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।  

विपक्ष ने की निंदा 

पत्रकार आलोक वर्मा पर जानलेवा हमले की विपक्षी पार्टियों ने कड़ी निंदा की है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अमर उजाला के पत्रकार आलोक वर्मा पर हमला निंदनीय हैं। कैप्टन ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार ने अपने अधिकार को पूरी तरह से त्याग दिया है। पंजाब की सड़कों पर अराजकता फैली हुई है। 

वहीं पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। कोई सुरक्षित नहीं है। अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा पर जीरकपुर में बेरहमी से हमला किया गया। सीएम भगवंत मान को पता है कि उनके राज्य में क्या हो रहा है?

वड़िंग गुरुवार को आलोक वर्मा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान वड़िंग ने उनका हालचाल जाना और उन्हें पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। वड़िंग ने इसके बाद ट्वीट किया कि अमर उजाला के आलोक वर्मा से आज मुलाकात की। वह खतरे से बाहर है। जिस तरह से उन्होंने अपराधियों से लड़ाई की, उनके साहस को सलाम। उन्हें हरसंभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया। मैं फिर से सीएम भगवंत मान से अपील करता हूं कि पंजाब को अराजकता में न जाने दें। अब दृढ़ और कठोर कार्रवाई करें, ऐसा न हो कि बहुत देर हो जाए।

विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें