लालड़ू। कृषि कानूनों के विरोध में दप्पर टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरने से टोल टैक्स वसूली बंद हो गई है। इसका असर प्लाजा पर कार्यरत ठेकेदार के सफाई कर्मचारियों पर पड़ा है। कर्मचारियों को नवंबर महीने से अब तक वेतन नहीं मिला है। इसके विरोध में सफाई कर्मियों ने ठेकेदार के खिलाफ धरना लगा दिया है। सफाई कर्मियों ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलता तब तक धरना जारी रखा जाएगा।
टोल प्लाजा कार्यालय के पास धरने पर बैठे कर्मचारी जगतनाथ, पवन कुमार, बलकार, महेंदर सिंह, सिंदर सिंह, परमजीत सिंह, धर्मपाल, जसबीर सिंह, बलबीर सिंह, बहादुर सिंह, सखविंदर सिंह, हरबंस सिंह, कुलवंत, प्रकाश, अनिल, चरण सिंह, गुरप्रीत सिंह व राहुल आदि ने बताया कि वे दप्पर टोल प्लाजा पर ठेकेदार के पास सफाई का काम करते हैं। नवंबर से लेकर अब तक का वेतन न मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। ठेकेदार को आश्वासन देते हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें वेतन नहीं मिला है।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें अब महीने में सिर्फ दो ही छुट्टियां मिलती हैं। इसके अलावा कोई सरकारी छुट्टी नहीं दी जा रही है। सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि कोरोना काल में ठेकेदार ने उनके लिए सैनिटाइजर, दस्ताने और हाथ धोने के लिए साबुन तक की व्यवस्था नहीं की।
ठेकेदार सतीश राणा का कहना है कि कंपनी की ओर से वेतन जारी नहीं किया गया है। जैसे ही कंपनी से राशि प्राप्त होगी वैसे ही सफाई कर्मियों को वेतन दे दिया जाएगा।