मोहाली। सेक्टर-78 में रहने वाले सैकड़ों परिवारों को टूटी सड़कों से जल्द निजात मिल जाएगी। नगर निगम द्वारा तीन करोड़ की लागत से इलाके की सड़कों की रीकारपेटिंग व विकास कार्य करवाए जाएंगे। नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने शनिवार को कामों की शुरुआत की। इस मौके पर इलाके के पार्षद हरजीत सिंह भोलू विशेष तौर पर हाजिर रहे।
जानकारी के मुताबिक उक्त इलाका पहले ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) के अधीन था। ऐसे में उक्त एरिया का इलाके के अन्य हिस्सों की तरह विकास नहीं हो पाया था। कुछ समय पहले ही यह एरिया नगर निगम के अधीन आया था। इस संबंधी विकास के प्रस्ताव भी पास हो गए थे। इसी बीच तारकोल के रेट मे काफी बढ़ोतरी हो गई थी। ऐसे में ठेकेदारों ने काम करने के बजाय अपने हाथ खड़े कर दिए थे। उनकी दलील कि उनकी लागत बढ़ गई है। ऐसे में उन्हें नुकसान हो रहा है। इसके बाद हाउस की मीटिंग में सड़क के ठेके के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं, अब इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
मेयर ने कहा कि उनकी तरफ से मोहाली के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में एक समान काम करवाने संबंधी हिदायत अधिकारियों को दी गई है। काम की क्वालिटी के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मोहाली के लोगों ने मेयर बनाकर उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी तनदेही से पूरा करेंगे। इस मौके पर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी हाजिर थे। उन्होंने कहा कि पूरे मोहाली में विकास कार्य पूरी रफ्तार से चल रहे हैं। लोगों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी। किसी के पास भी शहर के विकास को लेकर कोई सुझाव है तो उन्हें ई-मेल कर सकते हैं।