काम का जायजा लेते मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। शहर में करोड़ों की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज लाइन के लिए करीब दस महीने पहले फेज-5 से नाइपर तक की सड़क खोदी गई थी। लाइन बिछाने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इस वजह से रोजाना लोग दिक्कत उठा रहे थे, वहीं अब लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। एक महीने में सड़क को नए सिरे से बना दिया जाएगा। यह आदेश वीरवार को नगर निगम के नए मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने नगर निगम अधिकारियों को दिया। मेयर का अपना कार्यभार संभालने के बाद वीरवार को पहले दिन फील्ड में निकले थे। उनके साथ सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी, नगर निगम के कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।
जानकारी के मुुताबिक पिछले साल कोरोना काल में सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू हुआ था। उस समय पूरी सड़क की खुदाई कर यहां पाइप लाइन डाली जा रही थी। हालांकि सड़क की मरम्मत नहीं की गई थी। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अमर उजाला की ओर से 10 मार्च के माई सिटी अंक में ‘सीवरेज लाइन डालने के लिए खोद डाली सड़क, नौ माह से हो रही दिक्कत’ शीर्षक से इस मामले को उठाया था। इसके बाद जैसे ही अमरजीत सिंह जीती सिद्धू मेयर बने, उन्होंने सबसे पहले अधिकारियों के साथ उक्त सड़क का दौरा किया और अधिकारियों को हिदायत दी कि इस सड़क को तुरंत सुधारा जाए।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम से पहले यह काम पूरा किया जाना चाहिए। जिससे लोगों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत न आए। मेयर ने साफ कहा कि यहां काम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। बता दें कि इस सीवरेज लाइन को बिछाने के लिए 9.75 करोड़ रुपये की लागत से काम किया जा रहा है। इससे 8800 मीटर लंबी सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसमें से छह हजार मीटर का काम पूरा हो चुका है और 2800 मीटर का काम बकाया है। उन्होंने कहा कि यह लाइन शहर की लाइफ लाइन बनेगी।