जीरकपुर। नगर परिषद के अध्यक्ष उदयवीर सिंह ढिल्लों की अगुवाई में वार्ड-21 में विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत की गई। वीआईपी रोड से सनराइज सोसाइटी, लोहरगढ़ को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से क्षेत्र के लोग खुश हैं। लंबे समय से इस सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष उदयवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
सड़क निर्माण के साथ-साथ इलाके में बरसाती पानी की निकासी के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कत होती थी। अब नई सड़क और उचित ड्रेनेज सिस्टम बनने से समस्या का समाधान होगा। इस मौके पर अध्यक्ष उदयवीर सिंह ढिल्लों के साथ पार्षद नवतेज नवी के अलावा स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने नगर परिषद अध्यक्ष का आभार जताया।