नयागांव। न्यू चंडीगढ़ कुराली रोड पर ओवरटेक करने की होड़ में दो बसों में से एक की टक्कर से आगे जा रहा ट्रैक्टर ट्राली चालक बुरी तरह घायल हो गया। हिमाचल परिवहन की बस की टक्कर से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर मुल्लांपुर पुलिस भी पहुंची और बस चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। घायल ट्रैक्टर चालक को इलाज के लिए चंडीगढ़-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
16 जनवरी की शाम को यह हादसा हुआ। मुल्लांपुर गरीबदास का एसएचओ अमन त्रिका का कहना है कि ट्रैक्टर ड्राइवर का बयान लेकर जो बनती कार्रवाई होगी वह की जाएगी। बस में मौजूद सवारियां को दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया गया। ट्रैक्टर ड्राइवर नयागांव का रहने वाला था। हिमाचल परिवहन बस ड्राइवर का मेडिकल कराया गया। इसमें नशे की कोई पुष्टि नहीं हुई है। ओवरटेक करते हुए अचानक गाड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई बाकी आगे की जांच जारी है।