मोहाली। सेक्टर-108 के ईमार टाउनशिप के निवासियों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी (आरडब्ल्यूएस) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे चक्का जाम और घेराव जैसे कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।
आरडब्ल्यूएस के प्रधान अजय पॉल संधु और महासचिव पीएल गर्ग ने बताया कि सेक्टर-109 में पीएसपीसीएल का 66 केवी सब-स्टेशन मई 2025 से ही चालू है। इसके बावजूद ईमार प्रबंधन अब तक सेक्टर-108 को स्वतंत्र फीडर सप्लाई (11 केवी केबल) देने में विफल रहा है। पदाधिकारियों का कहना है कि बार-बार बहाने बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि स्वतंत्र फीडर न होने के कारण बिजली कटौती और लंबी देरी की समस्या बनी हुई है, जो आने वाले गर्मियों के मौसम में निवासियों के लिए भयावह स्थिति पैदा कर सकती है।
सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर उठे सवाल
मुख्य बनूड़-खरड़ रोड से सेक्टर-108 के लिए दूसरा प्रवेश और निकास द्वार अभी तक नहीं खोला गया है। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। सोसाइटी की सड़कों की हालिया मरम्मत पर सवाल उठाते हुए आरडब्ल्यूएस ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब है। यह काम ज्यादा समय तक टिकने वाला नहीं है। जल्द ही दोबारा मरम्मत की जरूरत पड़ेगी। आरडब्ल्यूएस ने ईमार प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं पर तुरंत ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो निवासी मेंटेनेंस भुगतान रोक देंगे। ईमार अधिकारियों का घेराव करेंगे और ईमार कार्यालय और मुख्य बनूड़-लांडरां रोड को जाम करेंगे।