जीरकपुर। चोरी की एक्टिवा पर सवार होकर वारदात को अंजाम देते समय एक युवती ने आरोपियों का पीछा कर एक झपटमार को गिराकर उसे पकड़ लिया। आरोपी का दूसरा साथी मौके से भाग गया। इस दौरान युवती को गंभीर चोटें भी लगी हैं। पुलिस ने युवती के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। युवती का ढकोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार मीनाक्षी पुत्री भैरव दत्त, गांव दफरपुर थाना डेराबस्सी निवासी बलटाना के सैनी विहार फेज-2 के एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। 26 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे वह के-एरिया अंडरब्रिज से पैदल सैनी विहार की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चोरी की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उसके हाथ से पर्स छीनने की कोशिश की। मीनाक्षी ने साहस दिखाकर दोनों आरोपियों का पीछा किया और एक्टिवा समेत उनकाे गिरा दिया। उसने एक झपटमार को पकड़ लिया। पकड़े आरोपी की पहचान रोशन लाल निवासी पभात के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी शंकर मौके से भाग गया।
हादसे में घायल मीनाक्षी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ढकोली में भर्ती करवाया गया है। उसके बयान के आधार पर थाना जीरकपुर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी रोशन से चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली है। उसके दूसरे साथी शंकर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि एक्टिवा भी 25 दिसंबर की रात को पभात क्षेत्र से ही चोरी हुई थी। इस संदर्भ में रात को रमनदीप कौर निवासी गांव पभात ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी एक्टिवा पभात क्षेत्र से चोरी हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस पार्टी कालका चौक जीरकपुर के पास चेकिंग में जुटी थी। उसी समय सुबह यह वारदात हो गई।