कालका। एसडीएच कालका के शवगृह का रिपेयर वर्क पूरा हो चुका है। पीडब्ल्यूडी ने काम पूराकर अब मोर्चरी को एसडीएच कालका को हैंडओवर कर दिया है। 29 लाख रुपये की लागत से इस कार्य को पूर्ण किया गया है। अब यहां पर साफ-सफाई का काम चल रहा है। जून के पहले सप्ताह में मोर्चरी को पहले की तरह ओपन कर दिया जाएगा।
अस्पताल के शवगृह की हालत खराब थी। बरसात में इसकी छत टपकती थी, ऐसे में वहां काम करने में कर्मचारियों काे अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छत की रिपेयर के साथ-साथ फर्श पर टाइल व रंग-रोगन का कार्य करवाया गया है। शवगृह के बाहर प्रांगण में वेटिंग एरिया का भी निर्माण करवाया गया है, जहां लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
बॉडी चैंबर की बढ़ाई गई संख्या
कालका अस्पताल के शवगृह में पहले कुल चार बॉडी चैंबर मौजूद थे। अब इनकी संख्या में भी इजाफा किया गया है। अब शवगृह में कुल 8 बॉडी चैंबर रखवा दिए गए हैं। जब से अस्पताल में रिपेयर का काम लगा हुआ है तब से यहां आने वाले शवों का पोस्टमार्टम सेक्टर छह के नागरिक अस्पताल में करवाया जा रहा था। ऐसे में कालका से डॉक्टरों की टीम को पंचकूला भेजा जाता है।
मोर्चरी में ही तैयार होगी रिपोर्ट
शवगृह में डॉक्टरों के लिए भी वेटिंग रूम का निर्माण किया गया है। इस दौरान वहां पर नेट व कंम्प्यूटर की व्यवस्था की गई है ताकि वहीं पर डाक्टर अपनी रिपोर्ट तैयार कर सके। इससे पहले मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों को इमरजेंसी में जाकर रिपोर्ट तैयार करनी पड़ती थी लेकिन अब सभी सुविधा मोर्चरी में ही उपलब्ध करवा दी गई है जिससे समय की भी बचत होगी।