सेवा भारती डेराबस्सी ने बेसहारा परिवारों के लिए मासिक राशन वितरण समारोह में खूनदान शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन एसएस जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। समारोह का शुभारंभ विशेष अतिथि विजय जिंदल ने किया जबकि केंद्रीय सेहत मंत्री के ओएसडी डॉ. वरिंदर गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि आयोजकों के साथ राशन बांटने की रस्म अदा की।
शहर व आसपास के 80 जरूरतमंद गरीब परिवारों ने इसका लाभ उठाया।
डॉ. वरिंदर गर्ग ने कहा कि गरीब लाभार्थियों के लिए सेवा भारती हर संभव मदद कर रही है। सेवा भारती का काम केवल नियमित तौर पर गरीब परिवारों को महीने का राशन बांटने तक सीमित नहीं रहा। संस्था गरीब लड़कियों को मुफ्त प्रशिक्षण के लिए सिलाई सेंटर चला रही है, वहीं अव्वल रहने वाली छात्राओं को हर साल मुफ्त सिलाई मशीनें भी बांटती आ रही है। सेवा भारती के प्रधान वेदप्रकाश शर्मा, महासचिव बलदेव गुप्ता, वित्त सचिव डॉ राजीव गुप्ता व अमित बिंदल ने बताया कि संस्था की ओर से डेराबस्सी सिविल अस्पताल में एक दशक से मुफ्त चाय नाश्ते की सेवा की जा रही है। राकेश महेंद्रू के अनुसार 70 से अधिक यूनिट रक्त डॉ. अनीता की अगुवाई में पीजीआई से आई टीम ने एकत्रित किए। इस मौके डेराबस्सी नगर प्रधान भूपिंदर सैनी, वरिष्ठ उपप्रधान मुकेश गांधी व कांग्रेसी नेता मनप्रीत डॉली भी मौजूद रहीं।