मोहाली। पंजाब राज महिला कमिशन ने पंजाबी सिंगर कर्ण औजला और रैपर हन्नी सिंह के खिलाफ सो-मोटो नोटिस लिया था। सोशल मीडिया पर चले रहे पंजाबी सिंगर कर्ण औजला की तरफ से गाए गए गाने एमएफ गबरू और पंजाबी सिंगर एवं रैपर यो-यो हन्नी सिंह के गाने मिलियनेएर में महिलाओं के प्रति इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक शब्दावली को लेकर संज्ञान लिया था। पंजाब राज महिला कमिशन की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने दोनों सिंगरों को 11 अगस्त को सुबह साढ़े 11 बजे कमिशन दफ्तर में पेश होने को कहा था, लेकिन आज दोनों सिंगर महिला कमिशन के दफ्तर में पेश नहीं हुए।
दोनों ने पेश होने के लिए 15 दिन का समय मांगा है। दोनों ने चेयरपर्सन राज लाली गिल से फोन पर माफी मांग ली है। चेयरपर्सन गिल का कहना है कि उनकी दोनों सिंगरों से फोन पर बात हुई है। वे इस समय विदेश में हैं। उन्होंने अपने गानों से आपत्तिजनक शब्द हटाने की सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से एआईजी राजविंदर सिंह संधू मौके पर पहुंचे थे, उन्होंने कहा कि दोनों सिंगरों की कंपनी से उनका संपर्क हुआ है। दोनों के वकील दो से तीन दिन में अपना लिखित स्पष्टीकरण देंंगे।
गिल ने कहा कि पंजाब राज महिला कमिशन एक्ट-2001 की धारा 12 के तहत कार्रवाई कर महिला के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा का उल्लंघन के साथ संबंधित मामलों पर सो-मोटो नोटिस लिया गया है। उन्होंने कहा कि कमिशन के ध्यान में आया कि सोशल मीडिया पर यो-यो हन्नी सिंह के गाने मिलियनेएर में महिलाओं के प्रति अभद्र शब्दावली का इस्तेमाल किया गया है। कर्ण औजला के गाए गाने एमएफ गबरू में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने सो-मोटो लेकर इस संबंध में तुरंत पंजाब पुलिस के हेड क्वार्टर के किसी सीनियर अधिकारी से कानून अनुसार बनती जांच करवाने को कहा था। जांच अधिकारी को यह हिदायत दी है कि जांच संबंधी स्टेटस रिपोर्ट और संबंधित दोनों सिंगर को लेकर 11 अगस्त को सुबह साढ़े 11 बजे कमिशन दफ्तर में उपस्थित हों।