शुक्रवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने भी 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए। इस बार भी बेटियों ने बाजी मारी। लड़कियों का पास प्रतिशत 97.34 और लड़कों का 95.74 फीसदी रहा। पढ़ाई में शहरी क्षेत्र के स्कूलों के बच्चे ग्रामीण स्कूलों के बच्चों से आगे निकले। सूबे में 2 लाख 92 हजार 663 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। इनमें से 96.48 प्रतिशत यानी 2 लाख 82 हजार 349 पास हुए।
सबसे ज्यादा एक लाख 19 हजार 802 विद्यार्थी 70 से 80 प्रतिशत के बीच अंक लेकर पास हुए हैं। मेरिटोरियस स्कूलों का परिणाम 99.74 और सरकारी स्कूलों का 98.05 प्रतिशत रहा। वोकेशनल कोर्स में 98.51 प्रतिशत, ह्यूमिनिटी में 97.10 प्रतिशत, कॉमर्स में 94.87 प्रतिशत और साइंस में 94 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए।
ऐसे बना परिणाम
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक जनक राज महरोक ने बताया कि कोरोना के कारण परीक्षा रद्द होने के बाद पंजाब बोर्ड ने तीन साल की परफॉर्मेंस के आधार पर 12वीं का परिणाम तैयार किया है। क्लास 10वीं, 11वीं और 12वीं के मार्क्स के आधार पर मूल्यांकन किया गया है। 10वीं बोर्ड में स्टूडेंट्स की परफॉर्मेंस को 30 फीसदी वेटेज, 11वीं की परीक्षा को 30 फीसदी और 12वीं को 40 फीसदी वेटेज दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों से ज्यादा बच्चों ने दी थी परीक्षा
12वीं में शहरी और ग्रामीण विद्यार्थियों के बीच कांटे का मुकाबला रहा। शहरी क्षेत्रों में 1 लाख 22 हजार 594 विद्यार्थियों में से 96.63 प्रतिशत यानी एक लाख 18 हजार 461 विद्यार्थी पास हुए। ग्रामीण क्षेत्रों में 1 लाख 70 हजार 069 में से 96.37 प्रतिशत यानी एक लाख 63 हजार 888 विद्यार्थी पास हुए।