मोहाली। शहीद ऊधम सिंह एजूकेशन एंड चैरिटेबल संस्था के मेंबर्स की ओर से शनिवार को ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर पुडा भवन के बाहर धरना दिया जाएगा। संस्था के मेंबरों का कहना है कि संस्था को पहले जिस रेट में जमीन अलाट की गई थी। बाद में उस रेट को रिवाइज कर कम कर दिया गया था। इस संबंधी आदेश जारी किए थे, लेकिन विभाग द्वारा पुराने रेट ही वसूले जा रहे हैं। इसलिए उन्होंने प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।
संस्था के सचिव शिंदर पाल सिंह बॉबी कंबोज ने बताया कि ट्रस्ट की तरफ से बताया गया कि फेज-तीन ए में शहीद ऊधम सिंह भवन के लिए जगह अलाट की गई थी। उस समय रेट 1540 रुपये प्रति वर्ग तय किए गए थे। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साल 2002 में शहीद ऊधम सिंह की शहादत को महान बताते हुए जमीन के रेट रिवाइज कर दिए थे। साथ ही रेट 540 रुपये प्रति वर्ग गज कर दिए थे। इस संबंधी मुख्यमंत्री की तरफ से 23 दिसंबर 2002 को आदेश भी जारी कर दिए गए थे, लेकिन पुडा की तरफ से आज तक आदेश लागू नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि 19 साल से यह मामला अधर में है। वहीं, इसका नतीजा यह हुआ इस समय अवधि में सारा सामान मंहगा हो गया। कंस्ट्रक्शन का काम अधूरा पड़ा हुआ है। ऐेसे में उन्होंने शहीद ऊधम सिंह की शहादत वाले दिन संघर्ष करने का फैसला लिया है।