जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने होटल में चल रहे स्पा सेंटर में छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देह व्यापार का धंधा करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि होटल मालिक फरार है।
दरअसल पुलिस को लंबे समय से मुखबिर की ओर से सूचना मिल रही थी कि आरबी होटल की पहली मंजिल पर अतुल्य माई स्पा नाम से सेंटर चल रहा है। इसमें स्पा की आड़ में देह व्यापार होता है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ढकोली पुलिस थाना प्रमुख ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचकूला रोड पर स्थित नीलकंठ एनक्लेव में राजीव बंसल ने आरबी होटल खोला हुआ है। इसकी पहली मंजिल पर अतुल कुमार निवासी सिटी हाइट्स पीरमुछल्ला अतुल्य माई स्पा सेंटर चला रहा है। स्पा के नाम पर यहां देह व्यापार चल रहा है। होटल में छापा मारकर अतुल कुमार, इकबाल सिंह निवासी नई पुलिस लाइन चंडीगढ़, दिनेश कुमार निवासी त्रिशला पल्स पीरमुच्छला, नरिंदर कुमार निवासी सेक्टर-10 पंचकूला और आकाश कुमार निवासी सेक्टर-चार पंचकूला को मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि होटल मालिक राजीव बंसल अभी फरार है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को डेराबस्सी अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।