जीरकपुर। जीरकपुर और भबात क्षेत्र में अघोषित बिजली कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई रिहायशी इलाकों में कभी 10 मिनट तो कभी एक घंटे तक बिजली गुल हो रही है। बार-बार बिजली आने-जाने से गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बिजली कट का कोई निश्चित समय नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक एकेएस कॉलोनी-1 व 2, न्यू डिफेंस एन्क्लेव, संत कृपाल नगर, पॉलम एन्क्लेव, गुरदेव नगर, जरनैल एन्क्लेव-1 व 2, विक्टोरिया सिटी और रंजन प्लाजा समेत आसपास के क्षेत्र प्रभावित बताए जा रहे हैं। लोगों के अनुसार, बिजली गुल होने से पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद हो जाते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी होती है। दुकानदारों और घर से काम करने वाले लोगों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली बहाली का समय स्पष्ट नहीं किया जाता। उन्होंने बिजली विभाग से आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कर नियमित बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोट
बीते 2 दिनों से बिजली के अघोषित कटों की वजह से दुकान पर ठीक से काम नहीं हो रहा। विभाग को चाहिए कि कट लगाने की सूचना किसी न किसी माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि वो लोग अपने कामों को उस हिसाब से कर सकें।-सुरजीत सिंह, दुकानदार, न्यू डिफेंस एनक्लेव
-11 केवी ग्रिड में तकनीकी फॉल्ट आ गया, जिस कारण उक्त क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। लेकिन कुछ समय बाद तकनीकी खराबी को दूर करके बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है। -राकेश भाटिया, एसडीओ, जीरकपुर बिजली बोर्ड।