स्पाइस चौक पर शुक्रवार सुबह उस समय माहौल गरमा गया। जब बिना हेलमेट जा रहे बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। जब युवक नहीं रुका तो पुलिस मुलाजिम ने उसे डंडा मार दिया। डंडा युवक के नाक पर लगा। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं पर गिर गया।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने वहां पर जाम लगा दिया। इस कारण काफी समय तक लोग परेशान होते रहे। सूचना मिलते ही थाना फेज-1 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को शांत कर जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार मनीष हरचंद निवासी गुरदासपुर फेज-4 स्थित घर से इंडस्ट्रियल एरिया काम पर जा रहे थे। जब वह बलौंगी कुंभड़ा रोड स्थित स्पाइस चौक के पास पहुंचे तो पुलिसकर्मी ने उसे बिना हेलमेट लगाए देख रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुके और आगे बढ़ गए। इसी बीच पुलिस मुलाजिम ने उनकी बाइक पर डंडा मार कर रोकने की कोशिश की। लेकिन डंडा मनीष के नाक पर लग गया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। किसी ने कार्रवाई न करवाने की बात कही।
‘बाइक चढ़ाने का किया प्रयास’
वहीं, पुलिस मुलाजिमों का कहना है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। उसने लाल बत्ती भी जंप की है। जब उन्होंने रुकने का इशारा किया तो युवक ने उन पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने अपने बचाव में डंडे का प्रयोग किया, जो गलती से उसके चेहरे पर लग गया।
‘सभी दस्तावेज थे, रेड लाइट जंप नहीं की’
घायल युवक का कहना है कि उसने हेलमेट नहीं पहना था। उसके पास सभी दस्तावेज थे। उन्होंने रेड लाइट जंप नहीं की थी। जैसे ही वह बलौंगी की तरफ मुड़े, इस दौरान अचानक पुलिस मुलाजिम आ गया और उसने डंडा फेंक कर हमला कर दिया।