मोहाली। त्योहारों के सीजन को देखते हुए पुलिस ने जिले का सुरक्षा पहरा मजबूत कर दिया है। जिला पुलिस के जवानों के अलावा हथियारबंद रिजर्व पुलिस को थानों से लेकर फील्ड में तैनात कर दिया है। साथ ही धार्मिक स्थानों, बाजारों और सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात की गई। एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही यह कदम उठाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या चीज देखते हैं तो इस बारे में तुरंत जिला पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस के हेल्पलाइन नंबर-112 पर संपर्क किया जा सकता है।
शहर में महिलाओं की की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए कई क्षेत्रों में गश्त और नाकाबंदी तेज की गई है। पुलिस के जवान साधारण कपड़ों में तैनात किए गए हैं, ताकि संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने बताया कि पेट्रोलिंग वैनों के अलावा पैदल गश्त भी तेज कर दी गई। इस दौरान डीसी ईशा कालिया व एसएसपी नजवोत सिंह माहल ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। जिक्रयोग है कि मोहाली वीआईपी जिला है। जिले में इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर सेना से जुड़े कई संस्थान है। इसके अलावा रोजाना वीआईपी मूवमेंट भी रहती है।