मोहाली। दिवाली के त्योहारों के चलते मार्केटों में चहल-पहल बढ़ गई हैं। वहीं शरारती तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। ऐेसे में मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन फेज-3बी2 के प्रधान जतिंदर पाल सिंह जेपी ने पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा के जरूरी प्रबंध करने को कहा है। साथ ही सभी मार्केटों के पास से गुजरने वाले सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए वहां ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात करने को कहा।
जतिंदर पाल सिंह ने पत्र में लिखा है कि दिवाली के दौरान बढ़िया ढंग से सजे बाजार में शरारती किस्म के लोग काफी सक्रिय हो जाते हैं। वे मार्केटों की पार्किंग में आकर हुड़दंग मचाने के साथ ही सामान चुराने की कोशिश करते हैं। इससे दुकानदारों व लोग दोनों परेशान होते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सिविल ड्रेस में पुलिस तैनात की जाए ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके।
खाली मैदान व सरकारी इमारतों को पार्किंग के लिए खोलने का सुझाव सिरे नहीं चढ़ा
बता दें कि व्यापार मंडल ने शॉपिंग के दौरान जाम की स्थिति न बने, इसके लिए सभी मार्केटों के साथ लगते स्कूलों के खाली मैदान या सरकारी इमारतों को जनता की पार्किंग के लिए खोलने का सुझाव दिया था। इस संबंधी व्यापर मंडल के नेताओं ने डीसी से भी मुलाकात थी लेकिन अभी तक प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया है।
यहां पर तैनात किए जाएं ट्रैफिक पुलिस कर्मी
जेपी सिंह ने पुलिस विभाग को लिखे पत्र में कहा कि फेज-पांच, फेज-3बी2, सात के सभी ब्लॉक शॉपिंग स्ट्रीट से लगते हैं। त्योहारों के दिनों में लोग गाड़ियां शॉपिंग स्ट्रीट पर ही पार्क कर देते हैं जिससे जाम लग जाता है। ऐसे में उक्त मार्केटों के बाहर पुलिस कर्मी तैनात किए जाने चाहिएं। इसी तरह फेज-एक, चार, फेज-3बी1 की छोटी मार्केट के बाहर से गुजरने वाले ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।