जीरकपुर। एक्साइज विभाग ने पुलिस की मदद से नाकाबंदी कर शराब की 44 पेटी सहित तीन नशा तस्करों को दबोचा है। तीनों के खिलाफ पुलिस ने एक्साइज एक्ट 61/1/14, 78(2) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान वीरू सिंह निवासी मुंडिया कलां 33 फीट रोड राम नगर गली नंबर 11 लुधियाना, करण निवासी मुंडिया कलां, 33 फीट रोड लछमन नगर लुधियाना, अक्षय कुमार निवासी गांव खजरी चौक, थाना गठो, जिला समस्तीपुर हाल निवासी गली नंबर 8, 33 फीट रोड लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जिससे इनकी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह धालीवाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीनों तस्कर चंडीगढ़ से शराब की गाड़ी भरकर जालंधर में सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर जीरकपुर पुलिस पार्टी के साथ मैक डी चौक के नजदीक मंगलवार सुबह 5 बजे नाकाबंदी कर दी थी। लेकिन तीनों तस्कर सुबह सवा 11 बजे जब मैकडी चौक के पास से निकलने के लगे तो उनकी महिंद्रा पिकअप गाड़ी को रोक कर चेक किया तो गाड़ी से रॉयल स्टैग ब्रांड की 44 पेटियां शराब फॉर सेल इन चंडीगढ़ बरामद हुई। इसके आधार पर पुलिस ने पकड़े गए तीनों तस्करों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर जीरकपुर पुलिस के हवाले कर दिए थे। जांच अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जिससे सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।