मोहाली। पहले साथी कर्मी के फोन से पांच हजार का ऑनलाइन ऑर्डर किया, फिर कैंसल करने पर जब पैसे रिफंड नहीं आए तो जिसका फोन था उस युवक से पैसे मांगने लगीं, जब उसने इन्कार किया तो ऑफिस से फोन छीनकर भाग गई। तीन दिन बाद जब मार्केट में युवक की महिला दोस्त ने युवती से फोन मांगा तो उसने और उसके साथ मौजूद दूसरी युवती ने महिला दोस्त पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में युवती के शरीर और सिर पर अंदरूनी चोट आई है। जिसे फेज-6 सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायल के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी है।
खरड़ निवासी शिवानी ने बताया कि रविवार शाम जब वह अपने दोस्त सुनील कुमार के साथ मौजूद थी तो जिस लड़की ने उसका फोन छीना था वह उन्हें फेज-3बी2 की मार्केट में दिख गई। जब वह सुनील का फोन मांगने गए तो युवती उनके साथ गाली गलौज करने लगी। इसके बाद उसके साथ दोनों युवतियों ने शिवानी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में लोगों को आता देख दोनों उन्हें फोन देकर भाग गईं। परंतु फोन से मेमोरी कार्ड और सिम गायब थे।